Latest News

सफलता की कहानी* *जल जीवन मिशन से बदली ग्राम बिरहीपानी की तस्वीर, 129 घरों में पहुंचा नल का पानी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में जल जीवन मिशन योजना के तहत लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर घने जंगलों से घिरा सीमांत ग्राम बिरहीपानी में जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन से अब हर घर में नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

भौगोलिक रूप से दुर्गम होने के कारण लंबे समय तक यहां मूलभूत सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो पाया था। जल जीवन मिशन के लागू होने से पूर्व ग्रामवासी अपनी दैनिक पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए मुख्य रूप से हैंडपंप, कुएं एवं ढोढ़ी जैसे पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर थे। गर्मी के मौसम में इन स्रोतों का जलस्तर घट जाने से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं हो पाता था। कई बार ग्रामीणों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और श्रम दोनों की अधिक खपत होती थी। इसका सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं एवं बच्चों पर पड़ता था। असुरक्षित जल के उपयोग से जलजनित बीमारियों की संभावना बनी रहती थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम में संगठित पाइप जल प्रदाय व्यवस्था विकसित की गई। योजना के तहत 4 उच्च स्तरीय जलागार का निर्माण कर संपूर्ण ग्राम में पाइपलाइन नेटवर्क स्थापित किया गया। इसके माध्यम से गांव के सभी 129 घरों में क्रियाशील फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। वर्तमान में ग्राम के सभी परिवारों को घर-घर नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल प्राप्त हो रहा है। इससे महिलाओं को पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती, जिससे उनके समय एवं श्रम की बचत हो रही है। अब वे परिवार, बच्चों की देखभाल तथा अन्य आजीविका संबंधी कार्यों के लिए अधिक समय दे पा रही हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आई है तथा बच्चों की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ी है। ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समिति के माध्यम से योजना के संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से जलापूर्ति प्रणाली का सुचारू संचालन हो रहा है। ग्रामवासी इस परिवर्तन से अत्यंत संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि घर जल की सुविधा ने उनके जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक बनाया है। ग्राम बिरहीपानी की यह सफलता दर्शाती है कि यदि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जनसहभागिता सुनिश्चित हो, तो दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में भी विकास की नई संभावनाएँ साकार की जा सकती हैं।

Harishankar Jaiswal

Harishankar Jaisawal Udtabhala.in के लेखक हैं, जो समाचार, सरकारी योजनाएँ और जॉब अपडेट पर जानकारीपूर्ण लेख लिखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button