Latest News

विश्व पर्यावरण दिवस पर वेस्ट पार्क में गूंजा हरित संदेश दुलदुला में स्वच्छता श्रमदान एवं वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प वेस्ट मटेरियल से बनी आकर्षक कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत दुलदुला में विकसित वेस्ट पार्क परिसर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वच्छता श्रमदान एवं वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वेस्ट पार्क परिसर की साफ-सफाई कर श्रमदान किया।

उपस्थित लोगों ने स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए नियमित स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके पश्चात पार्क परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का सतत प्रयास है। उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।

वेस्ट पार्क की विशेषता यह है कि यहां अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री (वेस्ट मटेरियल) का पुनः उपयोग कर अनेक आकर्षक और उपयोगी संरचनाएं एवं कलाकृतियां निर्मित की गई हैं। पुराने टायर, लोहे के अनुपयोगी पार्ट्स तथा अन्य कबाड़ सामग्री से झूले, बैठने की व्यवस्था, मयूर, तितली, घोड़ा सहित विभिन्न कलात्मक आकृतियां बनाई गई हैं। इन नवाचारों ने न केवल पार्क की सुंदरता बढ़ाई है, बल्कि लोगों को “रिड्यूस, रीयूज़ और रिसाइकल” का व्यवहारिक संदेश भी दिया है।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जैव विविधता संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वच्छता, हरियाली और संसाधनों के पुनः उपयोग के महत्व को रेखांकित किया। वेस्ट पार्क में विकसित आकर्षक कलाकृतियां और हरित वातावरण लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छ, सुंदर और हरित ग्राम निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Harishankar Jaiswal

Harishankar Jaisawal Udtabhala.in के लेखक हैं, जो समाचार, सरकारी योजनाएँ और जॉब अपडेट पर जानकारीपूर्ण लेख लिखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button